



ऋषिकेश, 7 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को खैरी खुर्द स्थित पांडे प्लॉट आंगनबाड़ी केंद्र में खैरी कला-खैरी खुर्द शक्ति केंद्र के चारों आंगनबाड़ी केंद्रों का संयुक्त ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता कर महिलाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद महिलाओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से यह भी जाना कि उन्हें योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं। विधायक ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रम सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आंगनबाड़ी केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान
कार्यक्रम में डॉ. अग्रवाल ने आंगनबाड़ी सुपरवाइजर धनेजा तिवारी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धन्ना सेमवाल, अंजली जोशी, पुष्पा नेगी एवं सावित्री दुमोगा सहित सहायिकाओं सुमन सेमवाल, विधाता पुंडीर, लक्ष्मी एवं कविता राणा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों को ट्रॉफी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
छह महिलाओं की कराई गोद भराई
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने योगिता, रीता रानी, सुषमा, अंजलि, नेहा एवं ऋतु रावत की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई। उन्होंने सभी महिलाओं के सुखद, सुरक्षित एवं स्वस्थ मातृत्व की कामना की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त परिवार ही विकसित समाज की आधारशिला है, और इसी संकल्प के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा राणा, अर्चना व्यास, मंडल महामंत्री रितु राणा, अमरदेव बडोनी, हर्षवती सेमवाल, अमित मोहन पोखरियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।





