मतदाता सूची पुनः सत्यापन को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
08 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा मतदाता सत्यापन; अंतिम सूची में 4.66 लाख से अधिक मतदाता




टिहरी गढ़वाल,7अक्टूबर(दिलीप शर्मा):भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र नामों पर दावा-आपत्ति की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 08 से 10 अक्टूबर तक जिले के प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की मौजूदगी में प्री-एसआईआर एवं पोस्ट-एसआईआर मतदाता सूची का तुलनात्मक परीक्षण करेंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान विशेष रूप से सूची में नए शामिल किए गए मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।
पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 से करें आवेदन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं मतदाता सूची में संशोधन अथवा अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए फॉर्म-6, 7 एवं 8 बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र, कॉलोनी या मतदान केंद्र पर आवश्यकता महसूस होने पर अतिरिक्त विशेष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने तथा बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जहां पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाने हैं, वहीं अपात्र अथवा अनावश्यक रूप से दर्ज नामों के संबंध में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और विश्वसनीय बनाने में सहयोग की अपेक्षा की।
अंतिम मतदाता सूची में 3,010 मतदाताओं की बढ़ोतरी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली में जनपद टिहरी में कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत थे। अंतिम प्रकाशन के बाद यह संख्या बढ़कर 4,66,638 हो गई है। इस तरह प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम मतदाता सूची में 3,010 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
अंतिम सूची में 2,43,051 पुरुष, 2,23,583 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की स्थिति
विधानसभा क्षेत्रवार अंतिम मतदाता संख्या की बात करें तो घनसाली में 86,346, देवप्रयाग में 75,801, नरेंद्रनगर में 79,507, प्रतापनगर में 74,594, टिहरी में 67,185 तथा धनोल्टी में 83,205 मतदाता दर्ज हैं।
वहीं प्रारूप मतदाता सूची में इन विधानसभा क्षेत्रों में क्रमशः 85,081, 75,437, 79,199, 74,237, 66,877 एवं 82,797 मतदाता पंजीकृत थे।
बैठक में भाजपा से राम लाल नौटियाल, जयेंद्र सिंह पंवार एवं राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कांग्रेस से बिशन सिंह रांगड़ एवं बवूल आर्य, सीपीएम से सफर सिंह नेगी, निर्वाचन कार्यालय से वरिष्ठ सहायक मनोज भट्ट सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





