मुनिकीरेती-ढालवाला में आवारा श्वानों के बंध्याकरण अभियान की शुरुआत
जनसुरक्षा और रेबीज नियंत्रण के साथ पशु कल्याण पर जोर, वार्ड 10 और 11 से शुरू हुआ अभियान




टिहरी/मुनिकीरेती(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने नगर क्षेत्र में निराश्रित एवं आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जनसुरक्षा, रेबीज की रोकथाम और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए श्वान बंध्याकरण शल्य चिकित्सा एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान का शुभारंभ 8 अक्टूबर को वार्ड संख्या 10 और 11 से किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य निराश्रित श्वानों की संख्या को वैज्ञानिक एवं मानवीय तरीके से नियंत्रित करना तथा श्वान के काटने और रेबीज संक्रमण की संभावनाओं को कम करना है।

स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और एंटी-रेबीज टीकाकरण
अभियान के तहत चिन्हित निराश्रित श्वानों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनका बंध्याकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही श्वानों का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार तथा एंटी-रेबीज टीकाकरण भी कराया जा रहा है। नगर पालिका के अनुसार अभियान के दौरान पशु कल्याण से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों और सक्षम प्राधिकारियों के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिस क्षेत्र से पकड़े जाएंगे, वहीं होगी वापसी
बंध्याकरण, उपचार और टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक श्वान की पहचान और रिकॉर्ड के आधार पर उसे उसी मूल क्षेत्र में सुरक्षित रूप से वापस छोड़ा जाएगा, जहां से उसे पकड़ा गया है। पालिका का कहना है कि इससे श्वान जनसंख्या नियंत्रण की प्रक्रिया को वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
नगर पालिका के मुताबिक एंटी-रेबीज टीकाकरण से रेबीज संक्रमण की रोकथाम में सहायता मिलेगी, जबकि बंध्याकरण के माध्यम से भविष्य में निराश्रित श्वानों की संख्या को नियंत्रित किया जा सकेगा। इस पहल को मानव स्वास्थ्य, जनसुरक्षा और पशु कल्याण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान, पर्यावरण पर्यवेक्षक राजू, वार्ड संख्या 11 के सभासद प्रतिनिधि अरविंद सिंह नेगी तथा वार्ड संख्या 10 के सभासद विनोद सकलानी सहित संबंधित कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पालिका ने नगरवासियों से मांगा सहयोग
नगर पालिका परिषद ने नगरवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पालिका ने कहा कि अभियान के दौरान निराश्रित श्वानों को अनावश्यक रूप से परेशान या घायल न किया जाए। किसी श्वान से संबंधित समस्या अथवा आवश्यक जानकारी होने पर नगर पालिका को सूचित करें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





