उत्तराखंडऋषिकेश

रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का माध्यम: डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

सुभाष बनखंडी में 66वें श्री रामलीला आयोजन का शुभारंभ, विधायक निधि से हुए विकास कार्यों के लिए कमेटी ने जताया आभार

ऋषिकेश, 8 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित 66वें श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार देर शाम ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए रामलीला आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि देश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रामलीला जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना और भी आवश्यक है।

विधायक निधि से हुए विकास कार्यों के लिए जताया आभार

इस अवसर पर सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अशोक थापा ने रामलीला मैदान में टिन शेड, फर्श और दीवार निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से सहयोग प्रदान करने पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से रामलीला आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

रामलीला के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और धार्मिक वातावरण में भगवान श्रीराम के जयघोष से पूरा रामलीला मैदान गूंज उठा।

इस अवसर पर राम विशाल दास महाराज, पार्षद जितेंद्र पाल पाठी, पार्षद सिमरन उप्पल, महामंत्री योगेश कलरा, रणबीर पाल, रवि वर्मा, अनुज कुमार, सारिका त्यागी, काजल पाल, रोहिताश पाल, हरिराम अरोड़ा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button