मुनिकीरेती में पंचम श्री रामलीला मंचन का शुभारंभ, पहले दिन रावण तप, कैलाश और श्रवण लीला का मंचन
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया उद्घाटन, श्रवण लीला के माध्यम से माता-पिता की सेवा और सम्मान का दिया संदेश




मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): माँ गंगा रामलीला समिति (रजि.), चौदह बीघा, मुनिकीरेती के तत्वावधान में पंचम भव्य श्री रामलीला मंचन का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भगवान श्री गणेश की वंदना के साथ किया। रामलीला के प्रथम दिन गणेश वंदना, रावण तप लीला, कैलाश लीला और श्रवण लीला का भव्य मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को भावविभोर किया।

रामलीला के दौरान प्रस्तुत श्रवण लीला ने माता-पिता के प्रति कर्तव्य, सेवा और सम्मान का मार्मिक संदेश दिया। लीला के माध्यम से बताया गया कि माता-पिता की सेवा करना और वृद्धावस्था में उनका सहारा बनना प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्व है। श्रवण कुमार का जीवन त्याग, समर्पण और मातृ-पितृ भक्ति का आदर्श प्रस्तुत करता है।
समिति की ओर से कहा गया कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए नई पीढ़ी को संस्कारों, कर्तव्यों और आदर्श जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष संदीप परमार, मुख्य सलाहकार देवेंद्र दत्त जोशी, सलाहकार मनोज मलासी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष उनियाल, उपाध्यक्ष प्रदीप सकलानी, महासचिव अनिल बडोनी, सचिव डॉ. मनीष भट्ट, कोषाध्यक्ष जितेंद्र उनियाल, संगठन मंत्री संजय पांजा, विधि सलाहकार विकास उपाध्याय और मंत्री गंगा रावत सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





