मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, प्रदेशवासियों को दी राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं
मुख्य मंत्री ने कहा—सरदार पटेल की कूटनीति, दूरदर्शिता और समर्पण से साकार हुआ अखंड भारत; युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान

देहरादून (दिलीप शर्मा) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा में सरदार पटेल का योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एकीकृत भारत के निर्माण में सरदार पटेल की कूटनीति, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति का अतुलनीय योगदान रहा है। उनके अटूट समर्पण ने अखंड भारत के सपने को साकार किया और भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार पटेल ने हमें ऐसा भारत दिया जिसमें विविधता के बावजूद एकता की भावना विद्यमान है। उनके इस अमूल्य योगदान के लिए देश का प्रत्येक नागरिक सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का वर्ष है, जो देश के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है। सरदार पटेल का “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और यह अवसर हमें राष्ट्र की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा देता है।









