उत्तराखंडहादसा

रामकथा सुनने उत्तराखंड आईं मां-बेटी गंगा में बही, रेस्क्यू अभियान जारी

टिहरी / ब्रह्मपुरी ( ऋषिकेश ), 09 जुलाई 2025 – रामकथा श्रवण के लिए मध्य प्रदेश से उत्तराखंड आई एक मां-बेटी की जोड़ी बुधवार सुबह गंगा के तेज बहाव में बह गई। यह दु:खद घटना ब्रह्मपुरी स्थित राम तपस्थली के निकट हुई। घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

एसडीआरएफ के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 6:30 बजे श्रीमती मनू उपाध्याय पत्नी मनीष उपाध्याय और उनकी 18 वर्षीय पुत्री गौरी उपाध्याय, निवासी कैलाश रस, मोरियाना (मध्य प्रदेश), राम तपस्थली में रामकथा श्रवण हेतु अपने परिजनों के साथ पहुंची थीं। इसी दौरान वे गंगा नदी के किनारे गए, जहां तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों बह गईं।

स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी का बहाव तेज होने के चलते रेस्क्यू कार्य में चुनौती आ रही है, लेकिन टीम लगातार प्रयासरत है।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा किनारे सतर्कता बरतने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

आगे की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

Related Articles

Back to top button