उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश: एम्स परिसर से सटे क्षेत्र में संयुक्त टीम का निरीक्षण, अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज

ऋषिकेश, 2 दिसंबर (दिलीप शर्मा) : बाबा काली कमली पंचायत क्षेत्र में मंगलवार को विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण की शिकायतों के मद्देनज़र व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस अभियान में ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, तहसील ऋषिकेश का राजस्व विभाग, वन विभाग ऋषिकेश रेंज, नगर निगम पार्षद सुरेन्द्र सिंह नेगी तथा आरटीआई कार्यकर्ता रछपाल सिंह सैनी शामिल रहे।

संयुक्त निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण निर्माण विभाग की लगभग 601 वर्ग मीटर भूमि से अवैध कब्जों को चिन्हित करना था। यह भूमि एम्स ऋषिकेश के समीप स्थित है, जहां वर्षों से शिवाजी नगर व वीरभद्र मार्ग की ओर अतिक्रमण बढ़ने से सड़क अत्यधिक संकरी हो चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार बढ़ती दुर्घटनाओं के पीछे यही प्रमुख कारण है।

टीम ने स्थल पर भौतिक सत्यापन करते हुए अवैध निर्माण, अतिक्रमण और भूमि उपयोग की अनियमितताओं का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आरटीआई कार्यकर्ता रछपाल सिंह सैनी ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराना जनहित में अत्यावश्यक है। वहीं नगर निगम पार्षद सुरेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अतिक्रमण हटाने को लेकर सहमत हैं।
संयुक्त टीम ने बताया कि निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र ही तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button