उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वाल

राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरजीत सैनी का शानदार प्रदर्शन, उत्तराखण्ड को दिलाया कांस्य पदक

आवासीय क्रिकेट छात्रावास नरेन्द्र नगर के खिलाड़ी ने बढ़ाया जनपद का मान, कोचिंग और मेहनत लाई रंग

नरेंद्र नगर/टिहरी,05मई (दिलीप शर्मा): जिला खेल कार्यालय, नरेन्द्र नगर के अधीन संचालित आवासीय बालक क्रिकेट छात्रावास के प्रतिभावान खिलाड़ी गुरजीत सैनी ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद टिहरी गढ़वाल का नाम गौरवान्वित किया है।

जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरजीत सैनी का चयन स्कूल नेशनल अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तराखण्ड टीम में हुआ था। यह प्रतियोगिता 26 अप्रैल से 01 मई, 2026 तक तेलंगाना में आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखण्ड टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस सफलता में गुरजीत सैनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने बताया कि गुरजीत सैनी ने 09 जुलाई, 2025 को जिला खेल कार्यालय, नरेन्द्र नगर स्थित आवासीय क्रिकेट छात्रावास में प्रवेश लिया। वर्तमान में वह राजकीय इंटर कॉलेज, नरेन्द्र नगर में अध्ययनरत हैं और कक्षा 11 उत्तीर्ण कर 12वीं कक्षा में अध्ययन कर रहे हैं।

जिला क्रीड़ाधिकारी ने आगे बताया कि उप क्रीड़ाधिकारी रितु जैन द्वारा छात्रावास में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों को नियमित रूप से उच्च स्तरीय क्रिकेट प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में गुरजीत सैनी के खेल तकनीक, रणनीति और बल्लेबाजी कौशल में निरंतर सुधार हुआ है, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि के रूप में सामने आया है।

जिले के खेल विभाग ने गुरजीत सैनी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button