उत्तराखंडऋषिकेश

कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं का स्वागत कर एसएसपी देहरादून ने दिया सुगम यात्रा का संदेश, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

ऋषिकेश/रायवाला,17 जुलाई 2025 – कांवड़ मेले के अंतर्गत तीर्थनगरी ऋषिकेश से लेकर रानीपोखरी एवं रायवाला क्षेत्र में लगातार श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आज व्यापक भ्रमण कर मेले में पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को फूल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

भ्रमण के दौरान एसएसपी द्वारा मेले में आए कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनकी यात्रा की जानकारी ली गई और उन्हें फल, मिष्ठान एवं शीतल पेय पदार्थ वितरित करते हुए सुरक्षित और सुगम यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। श्रद्धालुओं के चेहरों पर पुलिस की इस आत्मीय पहल से संतोष एवं प्रसन्नता का भाव देखने को मिला।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद, उत्साहवर्धन व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के निर्देश

कांवड़ मेले में तैनात पुलिसकर्मियों से वार्ता कर एसएसपी देहरादून ने उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा दी। बरसात के मौसम को देखते हुए ड्यूटी कर रहे अधिकारियों/कर्मचारियों को छाते व बरसाती भी वितरित किए गए ताकि वे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपनी ड्यूटी को कुशलतापूर्वक निभा सकें।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान सभी कर्मचारी अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें तथा उचित सावधानियों का पालन करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।

थाना रायवाला का आकस्मिक निरीक्षण, अभिलेखों व अपराधियों की समीक्षा

भ्रमण के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना रायवाला का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में रखे गए अभिलेखों की गहनता से समीक्षा की गई और उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सीसीटीएनएस, एनसीआरबी पोर्टल, सीएम पोर्टल एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सहित सभी ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने थाने में उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ऑनलाइन प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता से निपटाया जाए।

पंचायत चुनावों को लेकर अपराध नियंत्रण पर दिए गए सख्त निर्देश

आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर एसएसपी देहरादून ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से हिस्ट्रीशीटरों, वांछित एवं ईनामी अपराधियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके विरुद्ध समय रहते प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर विधिक समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।

Related Articles

Back to top button