उत्तराखंडदेहरादूनमौसम

देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 14 अगस्त को सभी स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद

­

देहरादून, 13 अगस्त 2025 – भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 14 अगस्त 2025 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ वर्षा के अति तीव्र दौर की संभावना है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिला मजिस्ट्रेट सविन बंसल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में हो रही मध्यम से भारी वर्षा के चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए आपदा न्यूनीकरण के तहत जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश छात्रों के साथ-साथ विद्यालयों के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों पर भी लागू होगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संस्थानों में आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक रूप से संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं और सतर्क रहें।

Related Articles

Back to top button