उत्तराखंडऋषिकेश

फिल्म “अजय” की विशेष स्क्रीनिंग : योगी आदित्यनाथ के प्रेरक जीवन की झलक से भावविभोर हुआ ऋषिकेश

ऋषिकेश, 9 अक्टूबर : रामापैलेस सिनेमा हॉल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म “अजय” की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती, म. म. स्वामी दयाराम दास, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, पूज्य संतों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, पर्यावरणविदों और गुरुकुल के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

फिल्म में योगी आदित्यनाथ के संन्यास, साधना, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरक यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने इसे मात्र एक फिल्म नहीं, बल्कि जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा बताया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा, “यह मूवी नहीं, मूल है — जीवन जीने की एक फिलॉसफी है।” उन्होंने योगी आदित्यनाथ जी के जीवन को राष्ट्रसेवा और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पण का आदर्श बताया।

पूरे सिनेमा हॉल में दर्शकों की भीड़ उमड़ी रही। कई लोग सीट न मिलने पर भी नीचे बैठकर श्रद्धा और उत्साह से फिल्म का आनंद लेते दिखे। भावनाओं से ओतप्रोत वातावरण में हर दृश्य पर तालियों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम का आयोजन परमार्थ निकेतन द्वारा किया गया, जिसमें फिल्म के निर्देशक रविन्द्र गौतम, लेखक प्रियंक दुबे, दिलीप झा और शांतनु सहित पूरी टीम को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button