उत्तराखंडदेहरादून

भ्रामक खबरों के खिलाफ डीजी सूचना बंशीधर तिवारी का सख्त रुख, एसएसपी को सौंपी शिकायत

देहरादून, 17 अक्टूबर : राज्य के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ प्रसारित हो रही भ्रामक खबरों और झूठे प्रचार को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून को औपचारिक शिकायत सौंपी है। तिवारी ने आरोप लगाया कि इस अभियान के पीछे एक संगठित लॉबी या गैंग सक्रिय है, जो उनकी और विभाग की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहा है।

सूचना महानिदेशक ने बताया कि उन्होंने शिकायत के साथ डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। तिवारी ने कहा, “सोशल मीडिया पर बिना किसी ठोस प्रमाण के लगाए जा रहे आरोप न केवल मेरी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचा रहे हैं, बल्कि विभाग की साख को भी नुकसान पहुँचा रहे हैं।”

उन्होंने इस पूरे प्रकरण को असंतुष्ट समूहों की साजिश बताते हुए कहा कि यह न केवल आईटी अधिनियम और मानहानि कानूनों का उल्लंघन है, बल्कि सरकारी सेवा में अनुशासन और पारदर्शिता को कमजोर करने का प्रयास भी है।

बंशीधर तिवारी ने पुलिस से अनुरोध किया है कि सोशल मीडिया पर झूठी खबरें फैलाने वाले खातों और उनके संचालकों की पहचान कर कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button