Blog

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर ऋषिकेश में जश्न

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं संग मनाई खुशी, मिष्ठान वितरण कर दी बधाई

ऋषिकेश, 16 जनवरी, (दिलीप शर्मा): महाराष्ट्र में हुए नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक सफलता पर ऋषिकेश में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ मिष्ठान वितरण कर इस जीत की खुशी मनाई।

डॉ. अग्रवाल ने बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) में भाजपा की टीम द्वारा बहुमत का आंकड़ा पार करने तथा पुणे, नागपुर सहित प्रदेश के 26 नगर निगमों में भाजपा की शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का प्रतिफल है।

उन्होंने कहा कि जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और पारदर्शिता पर भरोसा जताया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि देशभर में भाजपा के प्रति जनसमर्थन लगातार मजबूत हो रहा है। डॉ. अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक विजय के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, ममता रतूड़ी, पुनीता भंडारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिवम टुटेजा, चंदू यादव, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button