मेयर शंभू पासवान का भोपाल में एक्सपोज़र विज़िट के दौरान सांची व स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अध्ययन
महापौर मालती राय व कमिश्नर संस्कृति जैन से भेंट, ऐपण कला भेंट कर बढ़ाया उत्तराखंडी संस्कृति का मान


भोपाल/ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): शहरी विकास निदेशालय उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित चार दिवसीय “Exposure Visit” के दूसरे दिन आज मेयर ऋषिकेश शंभू पासवान ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्राचीन विरासत स्थल सांची का भ्रमण कर वहाँ किए गए सौंदर्यीकरण, संरक्षण कार्यों और पर्यटक सुविधाओं की कार्यप्रणाली का विस्तार से अध्ययन किया।

सांची भ्रमण के दौरान मेयर ने प्रबंधन मॉडल, पर्यटक आवागमन व्यवस्था, रख-रखाव तंत्र तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के आधुनिक तरीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को विकसित करने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

इसके उपरांत मेयर पासवान नगर निगम भोपाल पहुँचे, जहाँ उनकी मुलाकात भोपाल की महापौर मालती राय और नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन से हुई। मेयर ने उन्हें उत्तराखंड की पारंपरिक कला ऐपण भेंट कर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से अवगत कराया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किए गए गर्मजोशीपूर्ण स्वागत के लिए मेयर ने हृदय से आभार व्यक्त किया।

नगर निगम में शिष्टाचार भेंट के बाद मेयर शंभू पासवान ने स्मार्ट सिटी भोपाल का भी भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने स्मार्ट यातायात प्रबंधन, कचरा निस्तारण प्रणाली, कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर, डिजिटलीकरण कार्य, सार्वजनिक सुविधाओं के उन्नयन तथा शहरी विकास की अन्य आधुनिक पहलों का विस्तृत अध्ययन किया। मेयर ने अधिकारियों के साथ आपसी अनुभव साझा करते हुए ऋषिकेश में लागू किए जा सकने वाले मॉडल्स पर भी चर्चा की।
मेयर ने कहा कि भोपाल में शहरी प्रबंधन और स्मार्ट सिटी मॉडल पर किए जा रहे कार्य अनुकरणीय हैं और इन अनुभवों से ऋषिकेश में विकास की नई दिशा निर्धारित होगी।









