Blog

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की भेंट

हरिद्वार महाकुंभ 2027 और नमामि गंगे परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली, 23 फरवरी( दिलीप शर्मा): पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियों तथा राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन के लिए NMCG के अंतर्गत 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बाढ़ सुरक्षा एवं सिंचाई परियोजनाओं पर विशेष जोर

253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति और नहरों के क्षमता विस्तार का अनुरोध

मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने बताया कि इन कार्यों से 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जनपद के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। इस परियोजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।

केंद्र सरकार के सहयोग से भव्य आयोजन का संकल्प

गंगा संरक्षण को और सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button