नरेंद्रनगर में थाना दिवस का आयोजन, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
युवा पीढ़ी में बढ़ते नशे और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की चेतावनी, साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक

नरेंद्रनगर, 23 फरवरी(दिलीप शर्मा): पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह नेगी एवं एसएचओ देवराज शर्मा की पहल पर नरेंद्रनगर थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करते हुए जन समस्याओं का मौके पर त्वरित निस्तारण करना, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह नेगी एवं थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि थाना दिवस आमजन और पुलिस के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत तरीके से वाहन चलाने, यातायात नियमों की अनदेखी करने तथा तेज रफ्तार से दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव हेतु सभी को सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल या लिंक से दूर रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक व वरिष्ठ पत्रकार वाचस्पति रयाल, पत्रकार राजेंद्र गुसाईं, विवेक उनियाल, बड़ेडा ग्राम प्रधान संगीता, प्यार सिंह, सीमा देवी, सोबत सिंह रावत, शुभम राणा, प्यार सिंह पुंडीर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपस्थित नागरिकों ने युवा पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए नशेड़ियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। साथ ही नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार से दुपहिया वाहन चलाने की घटनाओं पर सख्ती बरतने तथा निर्माणाधीन सीवर कार्य से उत्पन्न हो रही समस्याओं के शीघ्र समाधान की भी मांग उठाई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।









