ऋषिकेश में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा का भव्य स्वागत, विकास योजनाओं पर मंथन
स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर, शहर को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में दिए निर्देश

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास मंत्री माननीय श्री राम सिंह कैड़ा के ऋषिकेश आगमन पर नगर निगम परिसर में उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मंत्री का अभिनंदन करते हुए उन्हें शहर की वर्तमान प्रगति और विकास कार्यों की जानकारी दी।
मंत्री के दौरे के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में ऋषिकेश के समग्र विकास को लेकर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, कूड़ा निस्तारण की आधुनिक प्रणाली विकसित करने तथा स्वच्छ भारत अभियान के लक्ष्यों को तेजी से हासिल करने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा सड़कों के सुदृढ़ीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ऋषिकेश को सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए यहां की नागरिक सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाना जरूरी है।
बैठक के अंत में नगर निगम प्रशासन ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर पार्षदगण, वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने मंत्री का आभार व्यक्त किया।










