उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनडीपीएस और आबकारी मामलों के दो फरार वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

एसएसपी देहरादून के अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को उनके ठिकानों से दबोचा

ऋषिकेश, 7 अगस्त(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम लगातार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अगस्त को दोनों वारंटियों को उनके निवास स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं तथा आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी थे। इनमें वाद संख्या 10/23 (मु.अ.सं. 542/23, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट), वाद संख्या 15/25 (मु.अ.सं. 482/2024, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट), वाद संख्या 14/25 (मु.अ.सं. 527/23, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट), वाद संख्या 39/24 (मु.अ.सं. 183/24, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट), वाद संख्या 61/22 (धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट) तथा वाद संख्या 109/23 (धारा 60 आबकारी अधिनियम) शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीवाना सिंह (32 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह निवासी काले की ढाल, सपेरा बस्ती, ऋषिकेश तथा हिमांशु (31 वर्ष) पुत्र मनोज निवासी न्यू जाटव बस्ती, ऋषिकेश के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और शुक्रवार, 7 अगस्त को उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक अमित कुमार
  • उपनिरीक्षक निखलेश बिष्ट
  • कांस्टेबल अंकुर कुमार
  • कांस्टेबल गौरव यादव
  • कांस्टेबल अगेश्वर कुमार
  • कांस्टेबल अमित राणा

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बताया कि फरार वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button