2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक होंगे आयोजन, मंत्री रेखा आर्या ने व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के दिए निर्देश




टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): 22 सितंबर सेवा सप्ताह माह के तहत जनपद टिहरी के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जिले में 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें 2012 सक्रिय हैं। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम स्थलों पर बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और पोषण माह सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण करने और कार्यक्रमों की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराने को कहा। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि मानदेय बढ़ोतरी का प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।





