दूरस्थ क्षेत्रों में कवरेज के लिए पत्रकारों को मिलेगा विभागीय वाहन
घनसाली में मीडिया सेंटर की संभावनाओं का होगा परीक्षण, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को लेकर डीएम ने दिए निर्देश




टिहरी, 22 सितंबर(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिला पत्रकार स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, फील्ड कवरेज के दौरान आने वाली दिक्कतों तथा अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

बैठक में प्रेस क्लब टिहरी के अध्यक्ष अनुराग उनियाल ने दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों को होने वाली आवागमन संबंधी परेशानियों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि बड़े आयोजनों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में कवरेज के लिए पहुंचने में पत्रकारों को कई बार परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े कार्यक्रमों से एक दिन पूर्व संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर विभागीय वाहन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पत्रकारों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और कवरेज के बाद वापस लौटने में सुविधा मिल सके।
सफलता की कहानियों की कवरेज के लिए सूचना विभाग करेगा सहयोग
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में सफलता की कहानी अथवा विशेष समाचार तैयार करने के इच्छुक पत्रकार जिला सूचना कार्यालय को पूर्व में इसकी जानकारी दें। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सूचना विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग एवं वाहन की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस क्लब टिहरी के महासचिव विजय गुसाईं ने टिहरी डैम टॉप से निर्धारित समय के बाद रात्रि में आवागमन बंद होने के कारण फील्ड कवरेज से लौटने वाले पत्रकारों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि डैम टॉप से आवाजाही बंद होने के बाद पत्रकारों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है। जिलाधिकारी ने संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
पत्रकार आवास और प्रेस मान्यता के मुद्दे भी उठे
बैठक में पत्रकारों को आवंटित आवासों के रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने मामले का परीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही। वहीं, पत्रकारों ने जनपद स्तरीय प्रेस मान्यता से संबंधित नियमों में शिथिलीकरण की मांग भी रखी। जिलाधिकारी ने इस संबंध में सचिव, सूचना को पत्र भेजने की बात कही।
घनसाली में मीडिया सेंटर की संभावनाएं तलाशेगा प्रशासन
वरिष्ठ पत्रकार तेजराम सेमवाल एवं अमनदीप भट्ट ने घनसाली क्षेत्र में मीडिया सेंटर स्थापित किए जाने अथवा इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी के माध्यम से भूमि की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की संभावनाओं का परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
खबरों की विश्वसनीयता के लिए फैक्ट चेक जरूरी : डीएम
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों को किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन और फैक्ट चेक अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े विषयों एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी द्रवनीता शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अब्बल चंद रमोला, अखिलेश नंदा, पुलिस विभाग से एसआई किशन देवरानी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी प्रमोद बर्तवाल, कनिष्ठ सहायक धीरेश सकलानी सहित सूचना विभाग के मनीष रतूड़ी एवं देवेंद्र रावत मौजूद रहे।





