अतिक्रमणउत्तराखंडमुनि की रेती

खारास्रोत में चला पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान

अवैध मांस-मछली विक्रय पर कसी नकेल, आधा दर्जन से अधिक रेहड़ियां जब्त

 

मुनिकीरेती /ऋषिकेश, 11 सितम्बर -नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से खारास्रोत क्षेत्र में अवैध रूप से मांस और मछली बेचने वाले रेहड़ी विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। गुरुवार को चलाए गए इस अभियान में पालिका टीम ने आधा दर्जन से अधिक अवैध रेहड़ियों को जब्त कर अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र भेजा। साथ ही एक अस्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त भी किया गया।

अचानक कार्रवाई से मचा हड़कंप

पालिका की टीम जैसे ही खारास्रोत पार्किंग क्षेत्र में पहुंची तो वहां मौजूद अवैध विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग आनन-फानन में अपना सामान समेटने लगे। मौके पर टीम ने बिना अनुमति चल रहे अवैध कारोबार पर रोक लगाते हुए सख्त कदम उठाए।

शिकायतों के बाद उठाया कदम

प्रभारी सफाई निरीक्षक कैलाश चंद्र सेमवाल ने बताया कि खारास्रोत पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से मांस-मछली विक्रय की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए अधिशासी अधिकारी अंकित जोशी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

पालिका की सख्ती को सराहा गया

अभियान में कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, लिपिक आकाश कैंतूरा, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, किशन लाल भट्ट सहित पुलिस उप निरीक्षक दीपराज मुनिकीरेती पुलिस की टीम सक्रिय रही।

पालिका की इस कार्रवाई को क्षेत्रवासियों ने सराहा और कहा कि नगर पालिका परिषद समय-समय पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध मुहिम चलाकर स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

👉 यह कार्रवाई पालिका की गंभीरता को दर्शाती है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button