
ऋषिकेश, 14 सितम्बर – रविवार सुबह से हुई तेज बारिश ने ऋषिकेश शहर और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। एसडीआरएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढालवाला स्थित एसबीआई बैंक के पास भारी जलभराव होने से कई वाहन पानी में फंस गए।
लगातार तेज बारिश के चलते ढालवाला कस्बे की गलियां और मुख्य सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश का पानी इतनी तेजी से जमा हुआ कि कई कारें और दोपहिया वाहन पूरी तरह डूब गए। वहीं, सड़क पर यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पानी भराव धीरे-धीरे कम होने और बारिश रुकने के बाद यातायात को पुनः शुरू करा दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बरसात के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन न खड़ा करें और सतर्कता बरतें।
👉 गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से ऋषिकेश और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते जगह-जगह भूस्खलन और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।









