उत्तराखंडऋषिकेश

उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रान्तीय बैठक सम्पन्न

शिक्षक हितों को लेकर सरकार को चेतावनी, शीघ्र समाधान न होने पर आन्दोलन की तैयारी

ऋषिकेश, 06 सितम्बर – उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रान्तीय बैठक शनिवार 06 सितम्बर 2025 को श्री जयराम संस्कृत महाविद्यालय, ऋषिकेश में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रान्तीय अध्यक्ष मेजर स्वतन्त्र मिश्रा ने की। कार्यक्रम में संयुक्त कर्मचारी परिषद उत्तराखण्ड के प्रान्तीय अध्यक्ष श्री अरुण पाण्डे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दिवंगत महामंत्री को दी श्रद्धांजलि, नए महामंत्री का निर्विरोध चयन

बैठक के प्रारम्भ में संघ के दिवंगत प्रान्तीय महामंत्री स्व. जगमोहन रावत को श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत सर्वसम्मति से डॉ. महावीर सिंह विष्ट को निर्विरोध प्रान्तीय महामंत्री नियुक्त किया गया।

शिक्षक मांगों पर सरकार को चेतावनी

नव नियुक्त महामंत्री डॉ. महावीर सिंह विष्ट ने कहा कि संघ तदर्थ शिक्षकों का विनियमितिकरण और पीटीए शिक्षकों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने की मांग को लेकर संघर्ष करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने 26 नवम्बर 2024 को शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहमति बनी चार मांगों को लागू नहीं किया तो अक्टूबर माह से आन्दोलन की शुरुआत की जाएगी।

मुख्य अतिथि ने दिलाया आश्वासन

संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रान्तीय अध्यक्ष श्री अरुण पाण्डे ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन से वार्ता एवं संघर्ष के माध्यम से सभी मांगों को पूरा कराया जाएगा।

अध्यक्ष ने रखी संगठन की रणनीति

प्रान्तीय अध्यक्ष मेजर स्वतन्त्र मिश्रा ने संगठन को अवगत कराया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही शिक्षा मंत्री व शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में डॉ. अनिल शर्मा, अजितपाल सिंह रौथान, सुरेन्द्र रावत, मनोज सैनी, राजेश सैनी, महावीर मेहता, भारत विष्ट, सुखदेव रावत, संजय रावत, प्रदीप त्यागी, कुंवर पाल चौहान, अजय विष्ट, चंद्र मोहन रौथान, संदीप रावत, नरेन्द्र कनपुड़िया, सुन्दरलाल उनियाल, देवेंद्र श्रीकोटी, मनोज शर्मा, ई.वी. कुमार, राजूलाल, संदीप मोहन सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button