
देहरादून / ऋषिकेश, 08 जुलाई 2025 – आज प्रातः लगभग 6:52 बजे 112 कंट्रोल रूम से कोतवाली ऋषिकेश को सूचना प्राप्त हुई कि पुरानी चुंगी ऋषिकेश के पास एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी की अवस्था में तख्त पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा एवं उप निरीक्षक शिशुपाल राणा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर पाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति अचैत अवस्था में पड़ा हुआ है, जिसे तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से एसपीएस चिकित्सालय, ऋषिकेश पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक के हाथ पर “रजत लव” गुदा हुआ है, किंतु उसकी जेब से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा मौके पर पंचायत नामा की कार्रवाही पूर्ण कर शव को शिनाख्त हेतु 72 घंटे के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
कोतवाली ऋषिकेश द्वारा आमजन से अनुरोध किया गया है कि यदि किसी को उक्त व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो, तो कृपया तत्काल थाना ऋषिकेश से संपर्क करें।









